गुमला : राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर बुधवार को अपनी टीम के साथ रांची के डीएसपी रोड स्थित स्वर्गीय निशा भगत के आवास पहुंचीं। उन्होंने निशा भगत के पिता से मुलाकात कर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि एक होनहार और साहसी बेटी को खोना बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों से घटना तथा अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।
रहाटकर ने निशा भगत के पिता से मुलाकात के दौरान परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि निशा भगत का निधन बेहद दुखद और पीड़ादायक है। झारखंड ने एक होनहार और हिम्मत वाली बेटी को खो दिया है। उन्होंने इस घटना पर हैरानी जताते हुए सवाल किया कि आखिर एक साहसी बेटी के साथ ऐसी घटना कैसे घटित हुई।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि आयोग ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया गया है। आयोग ने घटना का पूरा घटनाक्रम जानने, इसके पीछे की परिस्थितियों को समझने और अब तक उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी मांगी है।
रहाटकर ने कहा कि जिस परिस्थिति में निशा भगत का अंत हुआ, वह बेहद पीड़ादायक है। आयोग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आयोग अपनी ओर से जरूरी पहल करेगा।
परिवार से मुलाकात कर जताई संवेदना
बुधवार को आयोग की अध्यक्ष के साथ टीम के अन्य सदस्य भी निशा भगत के आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से बातचीत की और मामले से जुड़ी जानकारी ली। आयोग की इस पहल से परिवार को न्याय की उम्मीद बंधी है।
अब इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से आयोग को दी जाने वाली रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें – निशा भगत मौत मामले की CBI जांच होगी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए आदेश