दावोस में ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक मीडिया से संवाद में CM हेमंत सोरेन ने रखी दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा

Anand Kumar
3 Min Read
सुनीता राजन के साथ बातचीत करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।

Davos/Ranchi : वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया समूह ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन के साथ विस्तृत संवाद किया। इस बातचीत में मुख्यमंत्री ने दावोस में झारखंड की सहभागिता के उद्देश्य, राज्य की वर्तमान प्राथमिकताओं और अगले 25 वर्षों के दीर्घकालिक विकास विज़न की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है, जो पहली बार दावोस जैसे वैश्विक मंच पर अपने सामर्थ्य, संभावनाओं और दूरदर्शी सोच के साथ सामने आया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड अब केवल खनिज-आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राज्य ग्रीन औद्योगिक विकास, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा, मानव संसाधन विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि जैसे क्षेत्रों में नयी पहचान गढ़ रहा है।

झारखंड में टाटा स्टील के 11,100 करोड़ के निवेश से मजबूत होगा अगली पीढ़ी का औद्योगिक ढांचा, रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित

अगले 25 वर्षों के लिए टिकाऊ विकास का रोडमैप

मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान बताया कि राज्य सरकार अगले 25 वर्षों को ध्यान में रखते हुए संतुलित, टिकाऊ और रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल पर काम कर रही है। इस दीर्घकालिक रणनीति में वैश्विक निवेश, अत्याधुनिक तकनीक का हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीय संस्थागत साझेदारियों की अहम भूमिका तय की गई है। उन्होंने कहा कि झारखंड का लक्ष्य आर्थिक विकास को पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक समावेशन के साथ जोड़ना है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे।

वैश्विक मंच पर झारखंड के लिए अवसर

ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि ब्लूमबर्ग की ओर से आगामी अक्टूबर माह में भारत में एक ग्लोबल स्पेशल राउंडटेबल का आयोजन किया जाएगा। इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में फॉर्च्यून 500 कंपनियों के शीर्ष अधिकारी, वैश्विक उद्योग जगत के दिग्गज, नीति-निर्माता और न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर सहित कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भाग लेंगी।

इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस राउंडटेबल में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया और झारखंड के विकास एजेंडे को वैश्विक नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करने में गहरी रुचि जताई।

झारखंड के लिए वैश्विक संवाद का महत्व

गौरतलब है कि ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक, ब्लूमबर्ग मीडिया के वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा है, जो एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में व्यापार, वित्त और बाजार से जुड़ी सूचनाएं टीवी, डिजिटल, प्रिंट और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से उपलब्ध कराता है। मुख्यमंत्री ने इस संवाद को झारखंड के लिए वैश्विक मंचों पर अपनी विकास यात्रा, निवेश संभावनाओं और नीतिगत प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

Crime News : साहिबगंज में मामूली कहासुनी में युवक की गोली मारकर हत्या

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *