
Manatu road accident, Palamu : जिले के मनातू थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चतरा जिले के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कसमार गांव निवासी मनोज तुरी अपने मित्र प्रेम भारती और अन्य साथियों के साथ मनातू प्रखंड के डुमरी गांव स्थित ससुराल गए थे। लौटने के दौरान सभी लोग एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान मनातू थाना से कुछ दूरी पर बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में मनोज तुरी और प्रेम भारती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पलामू पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को अपने साथ ले गए।
Dhanbad Crime News : निरसा में पैसे के लेनदेन को लेकर फायरिंग, बाइक सवार युवकों ने मचाया आतंक
मनातू थाना के तत्कालीन प्रभारी निर्मल उरांव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय एक ही बाइक पर चार लोग सवार थे, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया गया है।
इधर, हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कसमार गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
KKR Mustafizur controversy : बांग्लादेश बहाना, शाहरुख खान निशाना