रांची: डुमरी विधायक जयराम महतो और पुलिस के बीच चल रहे विवाद में अब डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारियों का संगठन झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन खुलकर सामने आया है। एसोसिएशन ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज, धमकी और अमर्यादित व्यवहार की घटना पर गंभीर आपत्ति जताते हुए इसे पुलिस अधिकारियों की गरिमा और मनोबल से जुड़ा मामला बताया है। 1 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में संगठन ने कहा कि 21 अगस्त की घटना के दौरान थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया, जो उचित नहीं है।
एसोसिएशन ने कहा कि पुलिस अधिकारी और जवान आम लोगों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रतिकूल परिस्थितियों में करते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान किसी पुलिस पदाधिकारी को कथित तौर पर अपमानित या धमकाया जाना पूरे पुलिस बल की गरिमा और मनोबल को प्रभावित करता है। संगठन ने सोशल मीडिया समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म पर पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को लेकर की जा रही अमर्यादित टिप्पणियों पर भी चिंता जताई है और बरवाअड्डा मामले में सांकेतिक एवं चरणबद्ध विरोध जारी रखने की बात कही है।
झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने धनबाद पुलिस से मामले में दर्ज प्राथमिकी की पेशेवर और निष्पक्ष तरीके से जांच करने की अपेक्षा जताई है। इस संगठन के औपचारिक रूप से सामने आने के बाद जयराम महतो और पुलिस के बीच विवाद का दायरा और बढ़ता दिख रहा है। इससे पहले भी पुलिस संगठनों की ओर से मामले में कार्रवाई और विधायक से माफी की मांग उठाई जा चुकी है।
यह भी पढ़ें – जयराम महतो की गिरफ्तारी पर रोक से कोर्ट का इनकार, केस डायरी तलब, पुलिस एसोसिएशन ने गिरफ्तारी की मांग तेज की