झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 6 अगस्त से, सर्वदलीय बैठक में सुचारू संचालन पर बनी सहमति

Anand Kumar
3 Min Read

एटीआई में सत्ता पक्ष की रणनीतिक बैठक, विपक्ष से निबटने की बनी योजना

रांची। झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 6 अगस्त से शुरू होकर 12 अगस्त 2026 तक चलने वाले सत्र के सफल और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में आयोजित बैठक में आगामी मॉनसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की।

बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

विधानसभा सत्र

एटीआई में सत्ता पक्ष की रणनीतिक बैठक

उधर, 6 से 12 अगस्त तक चलने वाले विधानसभा सत्र की रणनीति तय करने के लिए डॉ. श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान (ATI), रांची में सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों की अलग से महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की।

बैठक में आगामी मॉनसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, सदन में उठने वाले संभावित मुद्दों और विभिन्न विभागों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार ने अपने मंत्रियों और विधायकों के साथ समन्वय बनाकर सदन में प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने की रणनीति तैयार की।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार मॉनसून सत्र में छात्र आंदोलन, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं, कानून-व्यवस्था, विकास योजनाएं और अन्य जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें – JPSC-JSSC छात्र आंदोलन : सरकार की वार्ता की पहल पर छात्रों ने रखी शर्त, विधायक दल की बैठक के बाद सियासत भी तेज, निगरानी समिति बनी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *