रांची। झारखंड के आर्थिक विकास और भविष्य की नीतिगत दिशा तय करने के उद्देश्य से बुधवार को होटल बीएनआर चाणक्य में ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ सम्मेलन आयोजित किया गया। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की।
कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और लेखक सुवीर सरन सहित कई नेता और विशेषज्ञ शामिल हुए।
सम्मेलन में डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षाविद्, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने झारखंड की आर्थिक संभावनाओं, रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर सुझाव दिए।
मधु यास्की गौड़ ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रोफेशनल्स की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। झारखंड संसाधनों और प्रतिभाओं से समृद्ध है। विशेषज्ञों के सुझावों से शिक्षा व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम और जल-जंगल-जमीन जैसे विषयों पर काम किया जाएगा।
के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस ऐसे विशेषज्ञों को मंच देना चाहती है, जो समाज में बदलाव और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए काम करना चाहते हैं। अगले दो वर्षों तक विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के साथ संवाद कर झारखंड को मॉडल राज्य बनाने का विजन तैयार किया जाएगा।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को नीति निर्माण से जोड़ना है, ताकि उनके अनुभव और सुझावों का लाभ मिल सके।
आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा और संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन की जरूरत है। सम्मेलन का उद्देश्य ऐसी नीतियां तैयार करना है, जिससे युवाओं का पलायन रुके और राज्य में ही औद्योगिक विकास तथा रोजगार के अवसर बढ़ें।
लेखक सुवीर सरन ने भी सम्मेलन में शामिल विशेषज्ञों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि भारत का भविष्य ऐसे दूरदर्शी लोगों के हाथों में है, जो युवाओं को सशक्त बनाने की सोच रखते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया। पैनल चर्चा में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभुनाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन और अपर्णा गुप्ता सहित कई विशेषज्ञों ने सुझाव दिए।
यह भी पढ़ें – बरहेट में झामुमो को झटका, सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए राजा राम मरांडी