
Hazaribag : : बड़कागांव और केरेडारी क्षेत्र में एनटीपीसी की कोयला खनन परियोजना को लेकर रैयतों और कंपनी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद एक बार फिर उभर आया है। ताजा घटना केरेडारी प्रखंड के जोरदाग गांव की है, जहां 1 जनवरी की रात अज्ञात लोगों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग के मुख्य मार्ग पर ईंट-सीमेंट से करीब पांच फीट ऊंची मजबूत बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी। कुछ रिपोर्ट्स में यह दीवार पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के आवास के सामने बनी बताई जा रही है।
नए साल की छुट्टी का फायदा उठाकर यह निर्माण रात के अंधेरे में किया गया, जब क्षेत्र में परिवहन कार्य पूरी तरह बंद था। सुबह जब कोयला लादे हाइवा ट्रक निकले तो ड्राइवरों और ट्रांसपोर्टरों को बीच सड़क पर यह अवरोध दिखा। दोनों तरफ से मार्ग बंद होने से सैकड़ों भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई, और कोयला ढुलाई पूरी तरह ठप हो गई।
स्थानीय रैयतों का आरोप है कि एनटीपीसी ने कोयला परिवहन के लिए वैकल्पिक सड़क का निर्माण अब तक नहीं किया। मजबूरी में भारी वाहनों का संचालन ग्रामीण सड़कों से हो रहा है, जिससे सड़कें जगह-जगह गड्ढों से भर गई हैं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। रोजाना धूल, कंपन, शोर और प्रदूषण से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। जब ट्रांसपोर्टर और चालक दीवार हटाने पहुंचे तो पूर्व मंत्री योगेंद्र साव कुर्सी लगाकर मौके पर बैठ गए और इसका विरोध किया। क्षेत्र में लंबे समय से जमीन अधिग्रहण, मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर तनाव बना हुआ है। ट्रांसपोर्टरों ने इसे जानबूझकर किया गया अवरोध बताया और प्रशासन से तुरंत मार्ग खुलवाने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
Politics : रघुवर दास और झारखंड भाजपा : वापसी की उम्मीद या मार्गदर्शक मंडल की पटकथा?
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। यदि मार्ग जल्द नहीं खुला तो एनटीपीसी की कोयला सप्लाई चेन पर गहरा असर पड़ेगा। यह विवाद पुराना है, जहां रैयत वैकल्पिक सड़क और बेहतर मुआवजे की मांग कर रहे हैं, जबकि कंपनी परियोजना को आगे बढ़ाने में जुटी है। आगे की जांच से साफ होगा कि यह दीवार किसके इशारे पर बनी।