सूर्य सिंह बेसरा पर हमला: जमशेदपुर में युवती ने मां-बहनों के साथ की पिटाई, पुलिस हिरासत में आरोपी

Anand Kumar
3 Min Read

जमशेदपुर। शहर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मंगलवार को आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व विधायक और साहित्यकार सूर्य सिंह बेसरा पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। एक युवती ने अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर सार्वजनिक कार्यक्रम में ही बेसरा की पिटाई कर दी। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद मौके पर पहुंची बिष्टुपुर थाना पुलिस ने सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया। बताया जा रहा है कि उनके सीने के निचले हिस्से में चोट लगी है।

नागपुर में हुए विवाद का बताया जा रहा है मामला

पुलिस के अनुसार, हमला करने वाली युवती की पहचान करनडीह निवासी किरण मांझी के रूप में हुई है। वह मास कम्युनिकेशन की छात्रा बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब चार महीने पहले नागपुर में संताली सिनेमा और कला अकादमी के एक कार्यक्रम के दौरान किरण मांझी और सूर्य सिंह बेसरा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर युवती के मन में नाराजगी थी।

मंगलवार को जब सूर्य सिंह बेसरा अपने साथियों के साथ गोपाल मैदान में आयोजित संवाद कार्यक्रम में पहुंचे, तो किरण मांझी भी अपनी मां और बहनों के साथ वहां पहुंच गई। बेसरा को सामने देखते ही युवती और उसके परिजनों ने उन पर हमला कर दिया।

सार्वजनिक मंच पर मारपीट की पूर्व नेताओं ने की निंदा

घटना के समय सूर्य सिंह बेसरा के साथ मौजूद घाटशिला के पूर्व पार्षद अर्जुन पूर्ति और पूर्व छात्र नेता हरिराम टुडू ने घटना की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग आदिवासी नेता के साथ इस तरह सार्वजनिक रूप से मारपीट करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि युवती को कोई शिकायत या आपत्ति थी, तो बातचीत के जरिए उसका समाधान निकाला जा सकता था। समाज के प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी में भी विवाद सुलझाया जा सकता था।

उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम में देशभर से आदिवासी कलाकार, साहित्यकार और बुद्धिजीवी जुटे थे। ऐसे प्रतिष्ठित आयोजन में मारपीट की घटना से कार्यक्रम की गरिमा को ठेस पहुंची है।

युवती हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

घटना के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किरण मांझी को हिरासत में ले लिया। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हमले के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *