कोडरमा। चंदवारा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर आभूषणों से भरा बैग चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का कोडरमा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी और उनके भतीजे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि चोरी गए 100 प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, डिक्की खोलने वाली टी-आकार की मास्टर की और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पेट्रोल पंप पर हुई थी वारदात
जानकारी के अनुसार, चंदवारा निवासी अशोक सोनी उरवां पेट्रोल पंप पर अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर उसमें रखा आभूषणों से भरा बैग चुरा लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें – खूंटी में दर्दनाक हादसा : रथ पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, 2 बच्चों की मौत, 6 घायल
CCTV, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच से मिली सफलता
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ओडिशा के जाजपुर जिले में छिपे हुए हैं। इसके बाद कोडरमा पुलिस ने ओडिशा के कोराई थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर गिरोह की महिला सदस्य को कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।
पति-पत्नी और भतीजा निकले गिरोह के सदस्य
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजु दास (35), उसकी पत्नी ट्वींकल दास (32) और भतीजा धनराज प्रधान (21) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कई राज्यों में डिक्की तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है।

क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया—
- 16 जोड़ी पायल
- 7 सोने की चेन
- 11 बिछिया
- 13 अंगूठियां
- बच्चों के 4 कंगन
- कई लॉकेट, ताबीज, नथिया एवं अन्य आभूषण
- ज्वेलरी मापक यंत्र
- दो मोबाइल फोन
- चोरी किया गया बैग
- घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल
- डिक्की खोलने में इस्तेमाल होने वाली टी-आकार की मास्टर की
अन्य राज्यों में नेटवर्क की जांच जारी
कोडरमा पुलिस के अनुसार, इस मामले में चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। अब गिरोह के अन्य सदस्यों और विभिन्न राज्यों में फैले इनके आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
यह भी पढ़ें – झारखंड पुलिस और कोबरा की संयुक्त कार्रवाई, मोस्ट वांटेड नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर गिरफ्तार