Mother Death Rituals: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन का दशकर्म रामगढ़ के पैतृक गांव नेमरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। रविवार को संस्कार भोज का आयोजन होगा। सुरक्षा के लिए गांव को 13 सुपर जोन और 42 सब-जोन में बांटा गया है।
रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन का दशकर्म शनिवार को रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया और अपनी मां को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने परंपरा के अनुसार भोजन परोसने की रस्म भी निभाई।
रविवार को नेमरा में संस्कार भोज का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन के अनुसार, नेमरा और राज्य में दुर्गापूजा के मद्देनजर 10 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है।
नेमरा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 13 सुपर जोन में बंटा गांव
संस्कार भोज में बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे क्षेत्र को 13 सुपर जोन और 42 सब-जोन में बांटा गया है। प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई है, जबकि सब-जोन की कमान डीएसपी स्तर के अधिकारियों के पास होगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत एटीएस की दो हिट टीमें, झारखंड जगुआर के पांच असॉल्ट ग्रुप के 135 जवान और रैपिड एक्शन पुलिस की दो कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा 60 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा और एएसआई, 1,365 लाठी बल तथा 140 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन ने नेमरा में रविवार के संस्कार भोज से लेकर 19 अक्टूबर की सुबह तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रखने की तैयारी की है।
आम लोगों के वाहनों की पार्किंग लुकैयाटांड़ में
नेमरा में भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए आम लोगों के वाहनों की पार्किंग गांव से करीब पांच किलोमीटर पहले लुकैयाटांड़ में बनाई गई है। यहां तीन पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। पार्किंग से गांव तक पहुंचने के लिए लगभग 250 से 300 टोटो और ऑटो की व्यवस्था की गई है।
मंत्री, विधायक और अन्य वीआईपी के वाहनों के लिए धुमकुड़िया और मोबाइल टावर के पास अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए मोबाइल टावर के पास बैरिकेडिंग की गई है। आंगनबाड़ी केंद्र और हेलीपैड को भी घेर दिया गया है। हेलीपैड पर अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे।
दुर्गापूजा को लेकर सभी 24 जिलों में सुरक्षा बल तैनात
नेमरा में संस्कार भोज के साथ-साथ राज्यभर में दुर्गापूजा के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। जैप, आईआरबी, एसआईआरबी और झारखंड जगुआर के जवानों को सभी 24 जिलों में भेजा गया है।
रांची में सबसे अधिक 749 जवानों की तैनाती की गई है। संवेदनशील जिलों में बम निरोधक दस्तों और अश्रु गैस टीमों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन का जोर भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर है।
मां के दशकर्म के बीच राजकाज भी संभाल रहे हेमंत सोरेन
पारिवारिक शोक और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक आवास नेमरा से राजकीय दायित्वों का निर्वहन भी कर रहे हैं। वे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री आवास से करीब 200 मीटर पहले लोगों के लिए एक बड़ा पंडाल बनाया गया है। मुख्यमंत्री अनुष्ठानों और घरेलू कार्यों से समय निकालकर यहां पहुंचते हैं और ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए और किसी भी नागरिक को निराश होकर वापस नहीं लौटना पड़े।
जनप्रतिनिधियों ने भी की मुलाकात
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में जनप्रतिनिधि और अन्य विशिष्ट अतिथि भी शामिल हैं। सिल्ली के विधायक अमित महतो ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के जशपुर राजपरिवार के महाराजा रणविजय सिंह जूदेव, महारानी अमृता सिंह जूदेव, युवराज यश प्रताप जूदेव और राजकुमार आर्य प्रताप जूदेव ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की।
नेमरा में रविवार को होने वाले संस्कार भोज और राज्यभर में दुर्गापूजा के आयोजनों को देखते हुए प्रशासन के सामने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की दोहरी चुनौती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
यह भी पढ़ें – मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अनूप बेसरा के इलाज के लिए दिए 10 लाख रुपये, 48 घंटे में पूरी हुई प्रक्रिया