हेमंत सोरेन की केंद्र को दो टूक: ‘झारखंड भीख में मिला राज्य नहीं’, हक के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान

Anand Kumar
4 Min Read
झारखंड सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।

रांची: झारखंड सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के प्रति कड़ा रुख दिखाते हुए कहा कि झारखंड कोई भीख में मिला राज्य नहीं है। यह राज्य लंबे संघर्ष और पूर्वजों की शहादत से बना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य अपने अधिकारों और वाजिब हिस्से के लिए पीछे नहीं हटेगा। जरूरत पड़ी तो कानूनी लड़ाई के साथ राजनीतिक संघर्ष भी किया जाएगा। इसी समारोह में मुख्यमंत्री ने कुल 5,941.86 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास किया।

केंद्र को मुख्यमंत्री की दो टूक: हक लेकर रहेंगे

समारोह को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने राज्य के अधिकारों का सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “झारखंड कोई भीख में मिला हुआ राज्य नहीं है। यह हमारे पूर्वजों के लंबे संघर्ष और शहादत से बना है। हमें हमारा हक और अधिकार चाहिए। यदि हमें हमारा वाजिब अधिकार नहीं मिलेगा, तो हम इसके लिए कानूनी लड़ाई के साथ-साथ आर-पार की राजनीतिक लड़ाई भी लड़ेंगे। हमारा कदम अब किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगा और हम अपना अधिकार लेकर रहेंगे।”

मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्य और केंद्र के बीच विभिन्न अधिकारों तथा वित्तीय हिस्सेदारी से जुड़े मुद्दे राजनीतिक बहस के केंद्र में हैं। हालांकि समारोह में दिए गए संबोधन में उन्होंने किसी एक मद या बकाया राशि का अलग से उल्लेख नहीं किया। उनका जोर राज्य के अधिकार और उन्हें हासिल करने के लिए संघर्ष जारी रखने पर रहा।

5,941.86 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

वर्षगांठ समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य के बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़ी कुल 5,941.86 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 3,155.73 करोड़ रुपये की पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 2,786.13 करोड़ रुपये की नई योजनाओं की आधारशिला रखी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गांव, गरीब, किसान, आदिवासी और मूलवासी समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता राज्य के समग्र विकास को गति देना और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है।

वीरता दिखाने वाले पुलिस अधिकारी मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित

समारोह में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कर्तव्य के दौरान साहस तथा निष्ठा का परिचय देने वाले पुलिस पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित अधिकारियों का मनोबल बढ़ाया और उनके योगदान की सराहना की।

मैट्रिक-इंटर के राज्य टॉपर भी सम्मानित

शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करने वाले मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के राज्य टॉपर छात्र-छात्राओं को भी समारोह में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद और डॉ. इरफान अंसारी उपस्थित रहे। राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की मेयर रौशनी खलखो, कांग्रेस विधायक ममता देवी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *