चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में गुरुवार को महिला सुपरवाइजर की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी, वार्ड-7 स्थित किराये के मकान में अनीता बिंद का शव खून से लथपथ मिला। उनके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान बताए जा रहे हैं। घटना के बाद कमरे से निकलकर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका अनीता बिंद सोनुवा प्रखंड के महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थीं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली थीं। बताया गया कि करीब 15 दिन पहले ही उन्होंने चक्रधरपुर के शीतला मंदिर इलाके में संजय साव के मकान में किराये पर कमरा लिया था और वहां अकेली रह रही थीं।
चीख-पुकार सुनकर कमरे की ओर पहुंचे लोग
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी अनिल कुमार बिंद अनीता से मिलने उनके किराये के कमरे पर पहुंचा था। कुछ देर बाद मकान के ऊपरी तल्ले से चीख-पुकार और शोर की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर आसपास के लोग कमरे की ओर पहुंचे। इसी दौरान एक युवक कमरे से निकलकर तेजी से भागने लगा। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जब पड़ोसी कमरे के अंदर पहुंचे तो अनीता बिंद खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। उनके शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान बताए गए। सूचना मिलने के बाद चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को मृतका का परिचित बताया है। कुछ रिपोर्टों में उसके मृतका के साथ प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना के बाद शीतला मंदिर इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। दिनदहाड़े महिला कर्मचारी की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें – ‘तुममें हिम्मत नहीं…’ गर्लफ्रेंड के ताने ने चढ़ाया जुनून, दोस्त को अगवा कर जंगल में पीटा; 4 गिरफ्तार