Ranchi : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कडरू न्यू एजी कॉलोनी के मंदिर मार्ग में एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में परिवार के इकलौते बेटे की मौत हो गई, जबकि मां और नाबालिग बेटी गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेटे ने घर के भीतर फंदे से लटककर जान दे दी, वहीं मां और बेटी ने संभवतः जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक सीए, निजी कंपनी में कार्यरत था
आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला की पहचान स्नेहा अखोरी के रूप में हुई है, जो पेशे से झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता बताई जा रही हैं। उनकी बेटी की उम्र करीब 14 वर्ष है।
मृत बेटे का नाम मिहिर बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, मिहिर ने कोलकाता से सीए की पढ़ाई पूरी की थी और उसकी नौकरी उषा मार्टिन कंपनी में लगी थी।
आर्थिक परेशानी की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि परिवार किसी आर्थिक संकट से जूझ रहा था। इसी वजह से इस तरह का कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि मां और बेटी द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद दोनों को आनन-फानन में गुरु नानक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मां और बेटी की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में उनका इलाज कर रही है।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
इधर, पुलिस ने मृतक मिहिर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक ही परिवार में हुई इस घटना से आसपास के लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार सामान्य रूप से रह रहा था, ऐसे में इस कदम के पीछे की वजह किसी को समझ में नहीं आ रही है।
पुलिस और एफएसएल की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मां और बेटी के होश में आने के बाद ही आत्महत्या के प्रयास के पीछे की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।