लोहरदगा में अवैध खनन रोकने पहुंचे सीओ पर बालू माफिया का हमला, वाहन क्षतिग्रस्त किया

Anand Kumar
3 Min Read
हमलावरों ने सीओ की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया।

Lohardaga : लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे अंचल अधिकारी (सीओ) पर बालू माफिया के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में अंचल अधिकारी की सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है। इस मामले में सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है।

यह घटना सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास की बताई जा रही है। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत ने इस संबंध में सेन्हा थाना में तीन नामजद और दस अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

अवैध डंपिंग यार्ड से बालू उठाव की मिली थी सूचना

प्राथमिकी के अनुसार अंचल अधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि नूरी सराय पुल के पास स्थित एक अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए जब वे मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

अंचल अधिकारी के आवेदन में कहा गया है कि सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां और छोटे पुत्र राशिद अंसारी सहित करीब दस अज्ञात महिला-पुरुषों ने मिलकर हमला किया। इस दौरान आरोपी बालू अनलोड कर पकड़ा गया ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।

लाठी-डंडा और बेलचा से मारपीट, वाहन का शीशा तोड़ा

अंचल अधिकारी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने लाठी-डंडा और बेलचा से उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, ईंट से हमला कर उनकी सरकारी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया गया। आरोपियों ने रास्ता रोककर दोबारा मारपीट करने की कोशिश की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

सरकारी कार्य में बाधा और हमले का केस दर्ज

अंचल अधिकारी के आवेदन पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 दर्ज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा, धमकी और हमला करने से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *