रांची नगर निगम का बड़ा कदम, स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बन रहे हाईटेक वेंडिंग जोन

Anand Kumar
2 Min Read

झारखंड की राजधानी रांची शहर के स्ट्रीट वेंडर्स को सड़क किनारे अस्थायी कारोबार से हटाकर आधुनिक और सुविधायुक्त वेंडिंग जोन में बसाने की दिशा में राँची नगर निगम तेजी से काम कर रहा है। मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मोराबादी, टैगोर हिल और पंडरा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर अधिकारियों को तय समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।


मोराबादी रजिस्ट्री ऑफिस के सामने करीब 3.26 करोड़ रुपये की लागत से 205 स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। यहां पेयजल, आधुनिक शौचालय, पाथवे, ड्रेनेज, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, बिजली, पार्किंग, गार्ड रूम और हरित क्षेत्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नगर आयुक्त ने आसपास की सरकारी जमीन को भी परियोजना में शामिल कर पूरे क्षेत्र को मॉडल वेंडिंग जोन के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया।


इसके बाद, नगर आयुक्त ने टैगोर हिल के पास बनाए गए अस्थायी वेंडिंग स्थल का निरीक्षण किया, जहां मोराबादी मैदान से हटाए गए करीब 250 स्ट्रीट वेंडर्स का पुनर्वास किया गया है। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, हाई-मास्ट लाइट, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान, पंडरा पुल के सामने स्थित सरकारी जमीन का भी जायजा लिया गया। यहां ओटीसी मैदान से फ्रेंड्स कॉलोनी तक सड़क किनारे कारोबार कर रहे स्ट्रीट वेंडर्स के लिए नए वेंडिंग जोन की योजना बनाई जा रही है। नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को जल्द डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया।


नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानजनक और स्थायी कार्यस्थल उपलब्ध कराना है। इससे वेंडर्स को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं शहर में अतिक्रमण कम होगा और यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *