लातेहार : लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में एनएच-39 के पास बोरसीदाग में स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान बैजनाथ महतो (60), शिवनारायण साहू (45), अवध साव (45) और ऑटो चालक नेसार अंसारी (45) के रूप में हुई है। सभी लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के उडुमुडू बारीडीह के रहने वाले हैं।
सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, चारों लोग ऑटो से चंदवा बाजार में सब्जी बेचने आए थे। बाजार में सब्जी बेचने के बाद वे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोरसीदाग के पास उनकी ऑटो की स्कॉर्पियो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ऑटो में फंस गया था चालक
दुर्घटना के बाद ऑटो चालक नेसार अंसारी वाहन के अंदर ही फंस गए। उन्हें बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलने पर चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से चालक को ऑटो से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद अवध साव और नेसार अंसारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी बोले- दुर्घटना की जांच की जा रही
चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें – गुमला में नो एंट्री के बावजूद घुसा कंटेनर, युवक को कुचला; पैर तीन जगह से टूटा, रिम्स रेफर