Bokaro : बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के समीप झाड़ियों में एक अधेड़ उम्र की अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय सामने आई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सिर पर गंभीर चोट, हत्या की आशंका प्रबल
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति और सिर पर मिले गहरे व गंभीर चोट के निशान इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि महिला की हत्या की गई है, जिसमें सिर कुचलने जैसी बर्बरता की आशंका जताई जा रही है।
अब तक नहीं हो सकी पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतका की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। महिला के पहनावे और रहन-सहन के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी ग्रामीण इलाके की रहने वाली हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पहचान सामने आने के बाद ही संभव होगी।
लापता महिलाओं के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास और सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हाल के दिनों में दर्ज लापता महिलाओं के मामलों की फाइलें भी खंगाली जा रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।