15 दिनों में झारखंड विश्वविद्यालय सेवा आयोग होगा सक्रिय, BIT सिंदरी बनेगी यूनिटरी यूनिवर्सिटी : मुख्यमंत्री

Anand Kumar
4 Min Read

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की योजनाओं और कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, छात्रवृत्ति, डिजिटल शिक्षा और रोजगारपरक शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर झारखंड विश्वविद्यालय सेवा आयोग (Jharkhand University Service Commission) को पूरी तरह कार्यरत किया जाए, ताकि विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षणिक व्यवस्था को गति मिल सके।

गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में तेजी लाने के निर्देश

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (GSCC) योजना के तहत अब तक 2,888 पात्र छात्रों को ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। इनमें 243 छात्र-छात्राओं को विभिन्न बैंकों के माध्यम से करीब 64 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कल्याण विभाग और बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र छात्रों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही दुमका फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को भी इस योजना से जोड़ने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना, मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना सहित सभी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

ऑनलाइन क्लास की होगी शुरुआत

मुख्यमंत्री ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राज्य के विश्वविद्यालयों में लाइव ऑनलाइन क्लास शुरू करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय और बीबीएमके धनबाद में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसकी शुरुआत की जाएगी।

15 दिनों में कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी भी होगी सक्रिय

मुख्यमंत्री ने रोजगारपरक और उच्च शिक्षा से जुड़ी कोचिंग संस्थाओं के नियमन के लिए कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी को भी अगले 15 दिनों के भीतर पूरी तरह कार्यरत करने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें – 700 करोड़ का पानी उद्योगों को, किसान प्यासे! चांडिल नहर की बदहाली पर सरयू राय का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला

BIT सिंदरी बनेगी यूनिटरी यूनिवर्सिटी

बैठक में BIT सिंदरी को Unitary University के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री ने संस्थान का डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन प्लान तैयार कर विभागीय प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।

9 जिलों में बनेंगे तकनीकी शिक्षा क्लस्टर

राज्य में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रांची, जमशेदपुर, बोकारो, पलामू, गिरिडीह, रामगढ़, गुमला, गोड्डा और साहिबगंज सहित 9 जिलों में तकनीकी शिक्षा क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।

नई तकनीकों पर होगा फोकस

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सरकारी पॉलिटेक्निक और तकनीकी संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, शिपिंग और टेक्सटाइल डिजाइन जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को आधुनिक उद्योगों के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

झारखंड में पहली बार रोबोटिक्स फेस्टिवल

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए पहली बार झारखंड रोबोटिक्स फेस्टिवल की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए योजनाओं की नियमित समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें – झारखंड मंईयां सम्मान योजना में बड़ा बदलाव: अब हर महीने एक ही दिन 51 लाख महिलाओं के खातों में आएगी राशि

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *