बेटे को लाने गई थी ससुराल, पति पर अगवा कर हत्या करने का आरोप
खूंटी : जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। एक ओर खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी किनारे एक महिला और युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया, वहीं दूसरी ओर मारंगहादा थाना क्षेत्र के तिलमा गांव में देवर-भाभी के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

तजना नदी किनारे मिले शव, हत्या की आशंका
झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार सुबह एक युवक और महिला के शव खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के पास तजना नदी किनारे बरामद किए गए। शवों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गई गांव निवासी नेहा कुमारी और उसके पड़ोसी अरुण कुमार राणा के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें – चतरा में हाईवा की टक्कर से छुट्टी पर आए CRPF जवान की मौत के बाद शव रखकर सड़क जाम, मुआवजे और कार्रवाई की मांग
महिला के पति पर हत्या का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि नेहा के पति संजीत प्रमाणिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों की हत्या की है। संजीत गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के दूधिया गांव का रहने वाला है और कपड़ा व्यवसायी बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। नेहा अपने पति और छह वर्षीय बेटे से अलग होकर मायके में रह रही थी।
बेटे को लेने गई थी नेहा
करंज थाना प्रभारी करण टुडू के अनुसार, गुरुवार शाम नेहा अपने पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ थाना पहुंची थी। वह अपने छह वर्षीय बेटे को अपने साथ ले जाना चाहती थी, लेकिन मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण पुलिस ने बच्चे को साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी।
स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर अगवा करने का आरोप
थाने से निकलने के बाद नेहा और अरुण बाइक से लौट रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दूरी पर संजीत प्रमाणिक ने अपनी स्कॉर्पियो से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों के गिरने के बाद उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गया।
इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह खूंटी थाना क्षेत्र में तजना नदी किनारे दोनों के शव बरामद हुए।
पत्थर और धारदार हथियार से हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि नेहा और अरुण को अगवा करने के बाद खूंटी थाना क्षेत्र में ले जाया गया, जहां देर रात पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या कर दी गई।
घटना के बाद आरोपी संजीत प्रमाणिक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने करंज थाना क्षेत्र से दोनों की बाइक जब्त कर ली है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
तिलमा गांव में देवर-भाभी ने लगाई फांसी
दूसरी घटना मारंगहादा थाना क्षेत्र के तिलमा गांव की है, जहां एक घर में देवर और भाभी के शव फंदे से लटके मिले। मृतकों की पहचान सागर पाहन (28) और रंदाय टूटी (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है।
प्रेम संबंध की चर्चा के बीच आत्महत्या
ग्रामीणों के अनुसार, सागर पाहन और रंदाय टूटी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। रंदाय के पति नोगा पाहन 19 जून को रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्य चले गए थे। उनके जाने के बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ गई थीं।
बताया जा रहा है कि जब पति को इस संबंध की जानकारी मिली तो उन्होंने पत्नी से फोन पर बात कर जल्द गांव लौटने की बात कही। इसी बीच गुरुवार रात दोनों ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शुक्रवार सुबह एक ऑटो चालक ने घर के अंदर दोनों के शव फंदे से लटके देखे, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।
रंदाय टूटी अपने पीछे 11 वर्षीय बेटी और 4 वर्षीय बेटे को छोड़ गई हैं।
दोनों मामलों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि तजना नदी में मिले युवक-युवती के मामले में हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश की जा रही है, जबकि तिलमा गांव में मिले देवर-भाभी के शवों के मामले में प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
यह भी पढ़ें – रांची के अशोक नगर में बिल्डर निशित केसरी के घर फायरिंग, कारोबारी अखिलेश पांडे के घर लाखों की चोरी