Ranchi : राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ के पास तेल मिल गली में शनिवार देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब खाने-पीने के दौरान आपसी वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई झड़प ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद हुई गोलीबारी में दो युवकों को गोली लग गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घायल युवकों की पहचान मोगली और विकास के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना संदीप थापा गुट और सुरेंद्र सिंह गुट के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव का नतीजा है। दोनों गुटों के बीच पहले से ही वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था, जो शनिवार की रात गोलीबारी में तब्दील हो गया।
EXCLUSIVE : कैशियर संतोष कुमार अपनी मर्जी से गया था ED के दफ्तर, यहीं से शुरू हुआ ईडी-पुलिस टकराव
इलाज जारी, हालत पर नजर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौके से खोखे बरामद, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पंडरा थाना पुलिस के साथ वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं। साथ ही, घटना के कारणों और आरोपियों की गतिविधियों को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस का दावा है कि गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में गिरफ्तारी की जाएगी।
प्रकृति, संस्कृति और आत्मा का अद्भुत संगम : दावोस से झारखंड ने दुनिया को दिया आत्मीय आमंत्रण