पंडरा फायरिंग कांड का खुलासा: तीन एकड़ जमीन के विवाद में चली थीं गोलियां, 6 आरोपी गिरफ्तार

Anand Kumar
4 Min Read

Ranchi : रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ तेल मिल गली के पास राजधानी मान्या टावर के समीप 17 जनवरी की रात हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि यह गोलीबारी कांके रिंग रोड स्थित सुकरहुटू मनातु की करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम आए सामने

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में संजय पांडेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबू, पप्पु साव और रोहित पांडेय शामिल हैं। इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक स्कॉर्पियो वाहन, सात खाली खोखे, तीन पिलेट और आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


दावोस में झारखंड की ठोस शुरुआत, सीएम हेमंत करेंगे टाटा स्टील, हिताची, टेक महिंद्रा समेत वैश्विक संस्थानों से संवाद

दिन में मारपीट, रात में गोलीबारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि 17 जनवरी की दोपहर करीब एक बजे जमीन विवाद को लेकर आकाश सिंह और विकास सिंह गुट की संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव गुट से मारपीट हुई थी। इसके बाद शाम को जमीन और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत के उद्देश्य से दोनों पक्षों ने राजधानी मान्या टावर के पास मिलने का फैसला किया।

पहले आकाश सिंह और विकास सिंह अपने समर्थकों के साथ तीन वाहनों से मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव भी तीन गाड़ियों में अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और इसी बीच दोनों गुटों के बीच फायरिंग शुरू हो गई।


गोलीबारी में तीन लोग घायल

इस घटना में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी, जबकि विकास सिंह को छाती में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी। वहीं दूसरे गुट के रवि यादव को बाएं हाथ में गोली और चेहरे के पास छर्रे लगे हैं।

घायलों में आकाश सिंह और विकास सिंह का इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है, जबकि रवि यादव का इलाज ऑर्किड अस्पताल में कराया जा रहा है।


61 दिन बाद खत्म हुआ इंतजार : लापता कन्हैया कुमार को रांची पुलिस ने कोडरमा से किया सकुशल बरामद

सात खोखे बरामद, गंभीर धाराओं में केस दर्ज

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से सात खाली खोखे बरामद किए। इस मामले में सुखदेवनगर (पंडरा ओपी) कांड संख्या 23/26, दिनांक 18 जनवरी 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, मुख्य अभियुक्त संजय पांडेय का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पूर्व में दर्ज हैं। छापेमारी दल में कोतवाली डीएसपी समेत सुखदेवनगर और कोतवाली थाना के कई अधिकारी व जवान शामिल थे। पुलिस ने दावा किया है कि इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

✍️ Editor & Publisher: Anand Kumar

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *