पलामू में अंधविश्वास की खूनी परिणति : पति-पत्नी और बेटे को टांगी से काटा, पड़ोसी पर आरोप

Anand Kumar
3 Min Read

Palamu : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुसड़ी गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों, पति, पत्नी और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात ओझा-गुनी के शक और पुराने विवाद से जुड़ी हो सकती है।

मृतकों की पहचान विजय भुइयां, उनकी पत्नी हेमंती देवी और पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। तीनों पर धारदार हथियार, विशेषकर टांगी से हमला किए जाने की बात सामने आयी है। यह घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है।

पिता की मौत के बाद भड़का आक्रोश

स्थानीय लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही रविंद्र भुइयां और प्रमोद भुइयां पर हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि रविवार तड़के करीब तीन बजे दोनों के पिता महेशी भुइयां (65) की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद दोनों भाइयों ने पड़ोसी विजय भुइयां के परिवार को इस मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया।

आरोप है कि ओझा-गुनी करने के संदेह में उन्होंने विजय भुइयां के घर पर हमला किया। इस हमले में विजय, उनकी पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

बच्ची घायल, बहू ने बचाई जान

इस हमले में विजय भुइयां की 12 वर्षीय बेटी ममता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। विजय की बड़ी बहू किसी तरह जान बचाने में सफल रही और घायल बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंची। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया है।

वर्षों से चल रहा था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार विजय भुइयां और महेशी भुइयां के परिवारों के बीच ओझा-गुनी को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था। महेशी भुइयां लंबे समय से बीमार थे और उनके परिजन इसे भूत-प्रेत या तंत्र-मंत्र से जोड़कर देखते थे। इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार पंचायत हुई थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार

सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एसडीपीओ मनोज झा पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ओझा-गुनी के शक में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपियों के साथ परिवार की एक महिला सदस्य भी फरार है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *