Ranchi : रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे साहेब अंसारी ने आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह डोरंडा के मणिटोला इलाके में उसका शव घर के पास स्थित एक कमरे से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीके मिश्रा, हटिया डीएसपी के नेतृत्व में डोरंडा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
चार दिन पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या
गौरतलब है कि 24 जनवरी को मणिटोला निवासी तरन्नुम उर्फ रानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में यह सामने आया था कि इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका पति साहेब अंसारी ही था।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया था कि तीन बच्चों का पिता साहेब अंसारी का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसका उसकी पत्नी लगातार विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर 24 जनवरी को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया।
गुस्से में आकर साहेब अंसारी ने पत्नी पर गोली चला दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
आत्महत्या दिखाने की कोशिश, बच्चों ने खोल दी सच्चाई
हत्या के बाद साहेब अंसारी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की थी। उसने अवैध पिस्तौल को मृतका की उंगली में फंसा दिया था, ताकि पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके।
हालांकि, घटना के समय घर में मौजूद बच्चों ने अपनी मां को गोली लगते हुए देखा था और पुलिस के सामने पूरी सच्चाई बयान कर दी थी। बच्चों की गवाही के बाद साहेब अंसारी आरोपी साबित हुआ और तभी से फरार चल रहा था।
आरोपी की मौत से जुड़े हर पहलू की जांच
अब साहेब अंसारी का शव मिलने के बाद पुलिस हत्या और उसके बाद के घटनाक्रम को जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि आत्महत्या किन परिस्थितियों में की गई।