gadhwa : गढ़वा जिले में एक युवक द्वारा युवती के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण, गर्भवती होने पर धोखे से गर्भपात कराने और मानसिक प्रताड़ना देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर गढ़वा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
रेलवे स्टेशन से शुरू हुई पहचान, फिर भरोसे का दुरुपयोग
पीड़िता मूल रूप से चतरा की रहने वाली है, जबकि आरोपी युवक गढ़वा जिले का निवासी बताया गया है। पीड़िता के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चोपन से गढ़वा आने के दौरान रेलवे स्टेशन पर दोनों की मुलाकात हुई। बातचीत बढ़ी और युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
नगड़ी थाना क्षेत्र की लापता युवती को प्रेमी ने गला घोंटकर मारा था, पुलिस ने ऐसे सुलझाया केस
गर्भवती होने पर शादी से इनकार, साक्ष्य मिटाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी मिलते ही आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे बुखार की दवा बताकर कुछ दवाइयां खिलाई गईं, जिससे गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। बाद में युवती ने मृत नवजात को जन्म दिया।
दोस्त से संबंध बनाने का दबाव, जान से मारने की धमकी
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने युवती पर अपने एक दोस्त के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। इंकार करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पीड़िता अस्पताल में भर्ती
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृत नवजात का पोस्टमार्टम कराया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक और कानूनी रूप से खुलासा हो सके। वहीं पीड़िता को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस का आधिकारिक बयान
इस संबंध में एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।