नीति पर नहीं, मोदी जी के माता-पिता पर गालियां दे रही कांग्रेस : प्रतुल शाहदेव

Anand Kumar
4 Min Read

खड़गे राहुल गांधी की भाषा बोल रहे हैं, कांग्रेस अब ‘गालीबाज पार्टी’ बन गई है : भाजपा प्रवक्ता

रांची: झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब नीतिगत मुद्दों पर मुकाबला करने के बजाय प्रधानमंत्री और उनके परिवार को निशाना बनाकर व्यक्तिगत हमलों की राजनीति कर रही है। प्रतुल शाह देव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि खड़गे राहुल गांधी की भाषा बोल रहे हैं और कांग्रेस अब ‘कांग्रेस (जी)’ यानी ‘गालीबाज पार्टी’ बन गई है।

नीतिगत मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत हमले कर रही कांग्रेस

प्रतुल शाह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, फैसलों और सरकार के कामकाज की आलोचना करने का कांग्रेस को पूरा अधिकार है। लेकिन राजनीतिक विरोध के दौरान प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच नीतियों और कामकाज को लेकर बहस होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत अपमान को राजनीतिक हथियार बनाया जाना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 133 बार अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। उनके मुताबिक, जब नीतियों पर जवाब देने की क्षमता कमजोर पड़ती है, तब कांग्रेस व्यक्तिगत हमलों का सहारा लेने लगती है।

खड़गे राहुल गांधी की भाषा बोल रहे हैं : प्रतुल

प्रतुल शाह देव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे नेता से सार्वजनिक जीवन में शालीनता और राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी की भाषा बोल रहे हैं। प्रतुल ने राहुल गांधी पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ तीखी और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया।
उन्होंने मांग की कि मल्लिकार्जुन खड़गे अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

व्यक्तिगत हमलों से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नीतिगत सवालों का जवाब तथ्यों के साथ देने को तैयार है। हालांकि, उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी व्यक्ति और उसके परिवार का अपमान करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

प्रतुल शाह देव ने कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत हमले करके जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता और न ही अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाया जा सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी को लेकर भाजपा के विरोध के बीच यह बयान झारखंड में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को और तेज करता है।

यह भी पढ़ें – रांची में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय घेरा, खरगे के बयान पर बवाल; आमने-सामने आए दोनों दलों के कार्यकर्ता

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *