जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक महिला ने खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताकर पहले घर का दरवाजा खुलवाया। इसके बाद उसके साथ दो युवक भी फ्लैट में दाखिल हो गए। तीनों ने बुजुर्ग महिला को बंधक बना लिया और करीब आधे घंटे तक उनके साथ मारपीट की। बदमाश महिला के गले से सोने की चेन और कान की बाली लूटकर फरार हो गए।
जाते समय आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को फ्लैट की बालकनी में बंद कर दिया। बाद में महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने उन्हें बाहर निकाला। घटना के बाद अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया।
जनगणना के नाम पर खुलवाया दरवाजा, फिर दो युवक भी पहुंचे
घटना मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्रीकृष्णा उद्यान अपार्टमेंट की बताई जा रही है। घटना के समय फ्लैट में लीलावती अम्मा अकेली थीं।
बताया गया कि इसी दौरान एक महिला उनके दरवाजे पर पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताया। महिला से बातचीत के दौरान ही दो युवक भी वहां पहुंच गए।
पीड़िता के मुताबिक, तीनों ने अचानक उन्हें धक्का देकर फ्लैट के अंदर बंधक बना लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
करीब आधे घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें अपने कब्जे में रखा और मारपीट की। इसके बाद उनके गले से सोने की चेन और कान की बाली छीन ली।
विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उनके मुंह में गंभीर चोट आई और एक दांत टूट गया।
लूट के बाद बालकनी में किया बंद
लूटपाट करने के बाद तीनों बदमाश बुजुर्ग महिला को फ्लैट की बालकनी में बंद कर वहां से फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद महिला ने बालकनी से मदद के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बालकनी से बाहर निकाला।
इसके बाद घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी गई।
पति पहुंचे मौके पर, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही महिला के पति बी.एस. पिल्लै मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि वह डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर हैं।
सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके आने-जाने के रास्ते और घटना से जुड़े अन्य सुराग जुटाए जा सकें।
पुलिस की जांच के बाद ही घटना में शामिल आरोपियों और वारदात के पूरे तरीके को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। खासकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
यह भी पढ़ें – निखार सबलोक हत्याकांड: मुख्य साजिशकर्ता सिंटू सिंह कानपुर से गिरफ्तार, एक सप्ताह पहले से हो रही थी रेकी