जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है। इस हत्याकांड के बाद सरकार ने जहां पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई की, वहीं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ₹2 लाख के इनाम की घोषणा कर दी गई है। दूसरी ओर, 48 घंटे तक चले गतिरोध के बाद जिला प्रशासन और परिजनों के बीच लिखित समझौता होने पर हिमांशु का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
- मुख्य आरोपी पर ₹2 लाख का इनाम, लगातार छापेमारी
- 48 घंटे बाद खत्म हुआ गतिरोध, लिखित आश्वासन पर माने परिजन
- नम आंखों से अंतिम विदाई
- सरकार का बड़ा प्रशासनिक एक्शन, नए SSP और SP की नियुक्ति
- आधी रात पोस्टमार्टम पर विवाद
- घायल प्रत्यूष अब भी जिंदगी की जंग लड़ रहा
- जमशेदपुर में धारा 163 लागू
- रघुवर दास ने की स्थायी नौकरी की मांग
- सियासत भी तेज
मुख्य आरोपी पर ₹2 लाख का इनाम, लगातार छापेमारी
हत्याकांड के मुख्य नामजद आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस बीच पुलिस ने आरोपी की सूचना देने वाले को ₹2 लाख का इनाम देने की घोषणा की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें – क्रांति की आग कभी नहीं बुझती: हूल दिवस पर CM हेमंत सोरेन ने सिदो-कान्हू को किया नमन, कहा- वीरों का बलिदान देता रहेगा प्रेरणा
48 घंटे बाद खत्म हुआ गतिरोध, लिखित आश्वासन पर माने परिजन
हिमांशु सिंह की हत्या के बाद परिजनों और समर्थकों ने कई मांगों को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। करीब 48 घंटे तक चले गतिरोध के बाद जिला प्रशासन ने परिजनों को लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव अपने साथ लेकर गए।
नम आंखों से अंतिम विदाई
एमजीएम अस्पताल से हिमांशु सिंह का शव उनके आवास लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। भारी जनसमूह और गमगीन माहौल के बीच अंतिम यात्रा निकाली गई। इसके बाद बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर पूरे राजकीय सुरक्षा इंतजाम के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सरकार का बड़ा प्रशासनिक एक्शन, नए SSP और SP की नियुक्ति
हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस प्रशासन पर सख्त कार्रवाई करते हुए पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी को हटा दिया, जबकि बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
सरकार ने अब एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) का नया एसएसपी और मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया है। यह फैसला स्पष्ट संकेत माना जा रहा है कि सरकार कानून-व्यवस्था में लापरवाही को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की भी जवाबदेही तय कर रही है।
आधी रात पोस्टमार्टम पर विवाद
इस बीच मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना आधी रात पोस्टमार्टम करा दिया। परिवार ने इसे अधिकारों की अनदेखी बताते हुए नाराजगी जताई।
घायल प्रत्यूष अब भी जिंदगी की जंग लड़ रहा
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष सिंह का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसके शरीर पर चापड़ के 21 गहरे घाव मिले हैं और उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
जमशेदपुर में धारा 163 लागू
घटना के बाद संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम थाना क्षेत्रों में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है। रैली, जुलूस, धरना, पुतला दहन और हथियार लेकर चलने पर रोक लगा दी गई है।
रघुवर दास ने की स्थायी नौकरी की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हिमांशु सिंह के परिजनों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री द्वारा की गई शुरुआती कार्रवाई का स्वागत किया, लेकिन कहा कि पीड़ित परिवार को स्थायी सरकारी नौकरी और दोषियों को शीघ्र कठोर सजा मिलनी चाहिए।
सियासत भी तेज
घटना को लेकर भाजपा ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है, जबकि झामुमो ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कई सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक जवाबदेही पर बहस तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें – झारखंड में 1,042 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री बोले- शिक्षक तय करेंगे राज्य का भविष्य