Palamu : झारखंड के पलामू जिले में हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी एक सोशल मीडिया रील को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गणतंत्र दिवस के दिन थाना परिसर में वर्दी पहनकर पत्नी के साथ बनाई गई रील के वायरल होने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। रील में इंस्पेक्टर सोनू चौधरी यूनिफॉर्म में पत्नी को टोपी पहनाते और डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।
रील के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि और आचरण नियमों को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
शिबू सोरेन की बहन का दो टूक : उनका योगदान पद्म भूषण तक सीमित नहीं, भारत रत्न मिले
एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच शुरू
हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने पुष्टि की है कि थाना प्रभारी के खिलाफ औपचारिक जांच चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इंस्पेक्टर सोनू चौधरी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी रह चुके हैं चैनपुर थानेदार
इंस्पेक्टर सोनू चौधरी पिछले कुछ महीनों से पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना प्रभारी के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वे चैनपुर थाना में भी थानेदार के रूप में पदस्थापित रह चुके हैं। जानकारी के अनुसार, सोनू चौधरी 2012 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे और वर्ष 2024 में पदोन्नति के बाद इंस्पेक्टर बने हैं।
संवेदनशील क्षेत्र में तैनाती
हुसैनाबाद क्षेत्र बिहार से सटा हुआ है और सोन नदी के किनारे स्थित है। यह इलाका पूर्व में नक्सल गतिविधियों और अन्य आपराधिक मामलों को लेकर चर्चा में रहा है।
झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा : 23 फरवरी को मतदान, 27 को मतगणना