सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा के दो जवान घायल, नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज

Anand Kumar
3 Min Read

Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार को आईईडी विस्फोट में कोबरा के दो जवान घायल हो गए। घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा गांव के समीप उस समय हुई, जब सुरक्षा बलों की टीम सघन तलाशी अभियान में जुटी थी।

जिले के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सल गतिविधियों की सूचना पर संयुक्त बलों द्वारा अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पहले से प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हो गया।

घायल जवानों की पहचान

विस्फोट में हवलदार दिनेश राउत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। महाराष्ट्र के रहने वाले दिनेश राउत का बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। वहीं पंजाब के बलजिंदर सिंह को शरीर में स्पलिंटर लगने से चोट आई है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

दोनों घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया।

इसे भी पढ़ें – विधानसभा में गूंजा गिरिडीह के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या का मामला

ऑपरेशन तेज, हाई अलर्ट

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आशंका है कि नक्सलियों ने जंगल के रास्तों में पहले से आईईडी प्लांट कर रखे हैं, ताकि गश्ती दलों को नुकसान पहुंचाया जा सके। अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और विशेषज्ञ बम निरोधक दस्ते की मदद ली जा रही है।

रणनीतिक महत्व और चुनौती

सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का प्रभावित क्षेत्र रहा है। यह इलाका भौगोलिक रूप से दुर्गम और घने वन क्षेत्र में फैला है, जिससे ऑपरेशन में जोखिम बढ़ जाता है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती सड़क किनारे और जंगल मार्गों में प्लांट किए गए आईईडी को समय रहते निष्क्रिय करना है।

विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे विस्फोट नक्सलियों की “हिट एंड रन” रणनीति का हिस्सा होते हैं, जिसका उद्देश्य सीधे मुठभेड़ से बचते हुए नुकसान पहुंचाना होता है।

फिलहाल इलाके में अभियान जारी है और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।

इसे भी पढ़ें – रांची और पलामू में एसीबी की दोहरी कार्रवाई, अमीन और रोजगार सेवक रिश्वत लेते गिरफ्तार

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *