रांची के शिखर मोहन ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का हिस्सा बने, ऋषभ पंत की कप्तानी में खेलेंगे

Anand Kumar
3 Min Read

रांची: झारखंड के युवा क्रिकेटर शिखर मोहन ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रांची के जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के पूर्व छात्र शिखर मोहन को ईरानी कप 2026-27 के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। इस टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत करेंगे, जबकि सरफराज खान उपकप्तान बनाए गए हैं।

ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया का मुकाबला 2025-26 रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर से होगा। बीसीसीआई के अनुसार यह मुकाबला 1 से 5 अक्टूबर 2026 के बीच श्रीनगर में खेला जाएगा।

झारखंड के लिए पिछले रणजी सीजन में किया शानदार प्रदर्शन

शिखर मोहन ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में झारखंड के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। वह टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में भी 85 और 52 रन की पारियां खेलकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का प्रदर्शन किया था।

शिखर बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और स्लो लेफ्ट आर्म स्पिन भी करते हैं। यानी वह टीम के लिए बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी का विकल्प भी उपलब्ध कराते हैं।

जेवीएम श्यामली में हुई क्रिकेट की शुरुआत

शिखर मोहन ने जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली से वर्ष 2022 में 12वीं की पढ़ाई पूरी की। स्कूल क्रिकेट से ही उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय देना शुरू कर दिया था। सत्र 2022-23 में उन्हें वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए झारखंड अंडर-19 टीम का कप्तान भी बनाया गया था।

जेवीएम श्यामली का भारतीय क्रिकेट से खास जुड़ाव रहा है। इसी स्कूल से महेंद्र सिंह धोनी भी पढ़े हैं। शिखर के रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में चयन के बाद स्कूल परिसर में भी खुशी का माहौल रहा और शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

ऋषभ पंत और सरफराज खान जैसे खिलाड़ियों के साथ मौका

रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम में शिखर मोहन के अलावा ऋषभ पंत, सरफराज खान, आर स्मरण, सुदीप घरामी, सनत सांगवान, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल, आर्यन पांडे, अनुकूल राय और आयुष दोसिजा शामिल हैं। आकाश दीप का चयन फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन है।

शिखर के लिए यह चयन घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का महत्वपूर्ण अवसर है। ईरानी कप में उनका प्रदर्शन झारखंड के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी खास नजरिए से देखा जाएगा।

यह भी पढ़ें – क्रिकेट के नियमों में 73 बड़े बदलाव, टेस्ट मैचों को लेकर अहम फैसला; अक्टूबर से लागू होंगे नए रूल

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *