रांची। झारखंड प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक 24 और 25 अक्टूबर को राजधानी रांची में आयोजित होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी इसमें शिरकत करेंगे। वह 23 अक्टूबर की शाम ही रांची पहुंच जाएंगे।
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तैयारियों की समीक्षा
कार्यसमिति की बैठक को लेकर गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और उनके स्वागत से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद झारखंड में दूसरा दौरा
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद नितिन नबीन का झारखंड में यह दूसरा आगमन होगा। उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है। प्रदेश भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और राजधानी को झंडों, बैनरों और पताकाओं से सजाया गया है।
23 अक्टूबर को शाम सात बजे पहुंचेंगे रांची हवाई अड्डा
बाउरी के अनुसार नितिन नबीन 23 अक्टूबर को शाम सात बजे रांची हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका स्वागत किया जाएगा और पुष्पवर्षा की तैयारी भी है। शहर के अलग-अलग स्थानों पर भी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
24 अक्टूबर को उद्घाटन सत्र में देंगे मार्गदर्शन
अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष 24 अक्टूबर को कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और राकेश प्रसाद, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह उपस्थित थे। प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, मनीर उरांव और शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कोषाध्यक्ष दीपक बंका और सूरज चौरसिया भी शामिल रहे। इनके अलावा प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सीमा सिंह, शशांक राज, राकेश भाष्कर, संजीव विजयवर्गीय, वरुण साहू, नरेंद्र सिंह और दर्ज महतो सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें – मोहन भागवत बोले- सत्ता बदलने से समस्याएं हल नहीं होतीं, समाधान के लिए होने चाहिए आंदोलन