खूंटी में मॉब लिंचिंग: बकरी चोरी के शक में तीन युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा, एक की मौत; DSP ने कही बड़ी बात

Anand Kumar
3 Min Read

रांची/खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में भीड़ की हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदादीरी गांव में बकरी चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने चार युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि भीड़ ने तीन युवकों को लाठी-डंडों और हॉकी स्टिक से बेरहमी से पीटा तथा उन्हें जंगल में अलग-अलग पेड़ों से बांध दिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। खूंटी के डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे मॉब लिंचिंग का मामला बताया है।

रविवार देर रात हुई घटना

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के बगनी गांव के चार युवक एक ऑल्टो कार से बिंदादीरी गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वे बकरी चोरी करने आए थे। बकरियों के शोर के बाद गांव के लोग इकट्ठा हो गए और चारों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी जमकर पिटाई की गई और रातभर जंगल में पेड़ों से बांधकर रखा गया।

एक युवक की मौत, दो घायल

सोमवार सुबह सूचना मिलने पर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जंगल से दिलदार अंसारी, फिरोज अंसारी और निजाम अंसारी को मुक्त कराया। गंभीर रूप से घायल दिलदार अंसारी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। फिरोज अंसारी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं चौथा युवक गुड्डू अंसारी रात में ही किसी तरह वहां से निकलकर ऑल्टो कार लेकर फरार हो गया।

यह भी पढ़ें – झारखंड में माओवाद को बड़ा झटका : 15 लाख के इनामी समेत 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर, भारी हथियार भी किए जमा

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि बकरी चोरी की शिकायत के बाद ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला मॉब लिंचिंग का प्रतीत होता है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और भीड़ की हिंसा में किन-किन लोगों की भूमिका थी।

नोट: पुलिस जांच जारी है। बकरी चोरी का आरोप अभी न्यायिक रूप से सिद्ध नहीं हुआ है। घटना में शामिल लोगों की जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

यह भी पढ़ें – आदित्यपुर में ड्रग्स सिंडिकेट पर अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, छापेमारी में भारी नकदी बरामद, एक हिरासत में

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *