11वीं से 13वीं JPSC समेत 3 नियुक्तियों को रद्द करने पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक, सरकार के फैसले को बड़ा झटका

Anand Kumar
4 Min Read

रांची: झारखंड सरकार की ओर से 18 अगस्त की रात 22 नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द किए जाने के फैसले के बीच हाईकोर्ट से सफल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की एकलपीठ ने 11वीं से 13वीं JPSC, फूड सेफ्टी ऑफिसर और CDPO की नियुक्ति रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर रोक लगा दी है।

मामले में सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने सरकार के फैसले पर अंतरिम रोक लगाई। मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को दोपहर 2:15 बजे होगी। इससे पहले राज्य सरकार को अपना काउंटर एफिडेविट दाखिल करना होगा।

कोर्ट ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान जस्टिस दीपक रोशन की एकलपीठ ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि राज्य सरकार खुद पूरे मामले की CID जांच करा रही है। ऐसे में बिना नेचुरल जस्टिस का पालन किए किसी व्यक्ति की नियमित नियुक्ति समाप्त नहीं की जा सकती।

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता कुमार हर्ष और अधिवक्ता अमृतांश वत्स ने मामले में अदालत के समक्ष पक्ष रखा।

याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि संबंधित मामले में न तो FIR दर्ज हुई है और न ही किसी तरह की विभागीय कार्रवाई हुई है। इस पर कोर्ट ने पूछा कि क्या मामले में कोई फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट मौजूद है।

कोर्ट ने यह भी सवाल किया कि क्या महज एक आदेश जारी कर किसी की रेगुलर नियुक्ति को रद्द किया जा सकता है?

यह भी पढ़ें – झारखंड में छात्रों का आंदोलन दो महीने के लिए स्थगित, सरकार को 60 दिन का अल्टीमेटम; JSSC-CGL सफल अभ्यर्थियों का धरना जारी

श्रावणी मेला में अधिकारियों की कमी पर भी कोर्ट की टिप्पणी

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने श्रावणी मेला का भी जिक्र किया। मौखिक टिप्पणी में कहा गया कि कई पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट के रूप में डिप्टी कलेक्टर देवघर के श्रावणी मेला की व्यवस्था में तैनात थे। उनकी सेवाएं समाप्त होने के बाद वहां आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किन याचिकाओं पर हुई सुनवाई?

11वीं से 13वीं JPSC के रिजल्ट और नियुक्ति रद्द करने के फैसले को सोनम कुमारी और दीपमाला ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

वहीं फूड सेफ्टी ऑफिसर की नियुक्ति से जुड़े मामले को सौरव सिंह ने चुनौती दी थी।

इन याचिकाओं पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने संबंधित नियुक्तियों को रद्द करने वाले राज्य सरकार के फैसले पर रोक लगा दी।

सरकार ने 22 नियुक्ति परीक्षाएं की थीं रद्द

दरअसल, नियुक्ति परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच झारखंड सरकार ने कुल 8 नोटिफिकेशन जारी किए थे। इनमें कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन संख्या 5404 भी शामिल था।

इसी नोटिफिकेशन के जरिए तीन नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया गया था। इनमें—

  • 11वीं से 13वीं JPSC — विज्ञापन संख्या 1/2024
  • फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन संख्या 18/2023
  • CDPO — विज्ञापन संख्या 21/2023

यह भी पढ़ें – JSSC CGL रद्द होने पर चयनित अभ्यर्थियों का आक्रोश, ‘न्याय दो या फांसी दो’ के नारों से गूंजा रांची

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *