रांची में इंदिरा गांधी और सीताराम केसरी की जयंती मनाई गई, कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

Anand Kumar
4 Min Read
कांग्रेस भवन, रांची में इंदिरा गांधी और सीताराम केसरी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम।

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, रांची में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सीताराम केसरी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के नेतृत्व, राष्ट्रसेवा और ऐतिहासिक फैसलों के साथ-साथ सीताराम केसरी के संगठनात्मक योगदान को याद किया।

इंदिरा गांधी के नेतृत्व और ऐतिहासिक फैसलों को किया याद

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि पूरी दुनिया श्रीमती इंदिरा गांधी को नारी शक्ति और सशक्त नेतृत्व के प्रतीक के रूप में जानती है। बैंकों के राष्ट्रीयकरण तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने सहित उनके अनेक ऐतिहासिक निर्णयों के लिए उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा। वक्ताओं के अनुसार सर्वधर्म समभाव और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों को मजबूती प्रदान करने वाली इस महान नेत्री ने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में कांग्रेस के योगदान को नई पहचान दिलाई।

वक्ताओं ने भुवनेश्वर की सभा में इंदिरा गांधी के कथन—“मैं रहूं या न रहूं, मेरा एक-एक कतरा देश के काम आएगा”—का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है।

दूरदृष्टि, पक्का इरादा, कड़ी मेहनत और अनुशासन को बताया प्रासंगिक

सभा में कहा गया कि इंदिरा गांधी के चार मूल मंत्र—दूरदृष्टि, पक्का इरादा, कड़ी मेहनत और अनुशासन—आज भी प्रासंगिक हैं। देश के प्रति उनकी सेवा, निष्ठा और समर्पण ने उन्हें एक महान व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को नई दिशा मिली और विकासशील देशों की अग्रिम पंक्ति में भारत को स्थापित करने में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही।

सीताराम केसरी के संगठनात्मक योगदान को किया याद

इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सीताराम केसरी के जीवन और राजनीतिक योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि केसरी ने एक साधारण कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। अपने संघर्ष, संगठनात्मक क्षमता, निष्ठा और समर्पण के बल पर वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचे। उनका जीवन कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

इन कांग्रेसजनों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

कार्यक्रम में राकेश सिन्हा, कुमार गौरव, के.के. गिरि, राजन वर्मा, ज्योति सिंह मथारू, उमेश चौधरी, मनोज सहाय पिंकू, नेली नाथन, जगदीश साहू, सुरेन राम, जितेन्द्र त्रिवेदी, कमल ठाकुर, निशांत प्रकाश जायसवाल, राजू राम, जगन्नाथ साहू, नरेन्द्र लाल गोपी, अवधनारायण प्रसाद, संजय कुमार, वीरेन्द्र विक्रम, फरहान आलम, प्रभात कुमार, फिरोज रिजवी, अनीशा तिर्की, अनिता टोप्पो और रामानंद केसरी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

कार्यक्रम की जानकारी झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता अख्तर अली ने दी।

यह भी पढ़ें – पटना कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से मारपीट का आरोप, नाराज मीडिया कर्मियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का किया बहिष्कार

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *