रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दो ट्रकों के बीच एक ऑल्टो कार बुरी तरह दब गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार दो महिला डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों हजारीबाग की रहने वाली बताई जा रही हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसी दोनों महिला डॉक्टरों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑल्टो कार दो भारी ट्रकों के बीच पूरी तरह दब गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें – हजारीबाग में पुलिस-प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़ में एक शूटर जख्मी, कई गिरफ्तार