नई दिल्ली। सोशल मीडिया कंपनी Meta ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वह फेसबुक वीडियो दोबारा बहाल (रीस्टोर) कर दिया है, जिसे कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था। कंपनी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि वीडियो किसी नीति उल्लंघन के कारण नहीं, बल्कि तकनीकी गड़बड़ी की वजह से गलती से हट गया था।
यह वीडियो प्रधानमंत्री मोदी ने 23 जुलाई को साझा किया था, जिसमें उन्होंने जेन-जी और छात्रों को संबोधित करते हुए पेपर लीक को गंभीर समस्या बताया था और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था।
यह भी पढ़ें – CJP की सरकार को चेतावनी, छात्रों पर कार्रवाई नहीं रुकी तो फिर होगा आंदोलन; कपिल सिब्बल ने दिया कानूनी मदद का भरोसा
Meta ने मानी तकनीकी गलती
वीडियो के अचानक फेसबुक से गायब होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठे थे। इसके बाद Meta ने सफाई देते हुए कहा कि यह एक तकनीकी त्रुटि थी और वीडियो को दोबारा प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया गया है।

MeitY ने Meta अधिकारियों को किया तलब: रिपोर्ट
इस बीच, समाचार एजेंसी IANS ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Meta के ग्लोबल हेड और कंपनी के ग्लोबल पब्लिक पॉलिसी प्रमुख को इस मामले में तलब किया है। हालांकि, मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पेपर लीक पर PM मोदी का संदेश
23 जुलाई की रात जारी लगभग 2 मिनट 56 सेकंड के वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है, बल्कि यह लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई महीनों में सरकार ने कई कदम उठाए हैं, दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और छात्रों का शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो, इसके लिए 22 लाख छात्रों की परीक्षा कम समय में कराई गई, जबकि 19 जुलाई को परिणाम भी घोषित कर दिए गए।
फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की बात कही
प्रधानमंत्री ने वीडियो में यह भी कहा था कि सरकार केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पेपर लीक मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश भी दिया गया है।
यह पूरा मामला 3 मई को आयोजित NEET UG परीक्षा के कथित पेपर लीक से जुड़ा हुआ है।
24 जुलाई को जारी किया था दूसरा वीडियो
इसके अगले दिन 24 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी ने एक और वीडियो जारी कर लोगों का धन्यवाद किया था। उन्होंने कहा कि पहले वीडियो पर मिले सकारात्मक सुझावों और प्रतिक्रियाओं के लिए वह सभी का आभार व्यक्त करते हैं और लोगों का यह स्नेह उन्हें आगे भी सक्रिय रहने की प्रेरणा देता रहेगा।
यह भी पढ़ें – बिहार सरकार ने छात्र आंदोलन पर लिया यू-टर्न, सभी FIR होंगी वापस