जदयू नेताओं ने कहा – पत्नी को ढाल बनाकर मेयर का चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता

Jamshedpur : मानगो निगम चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जनता दल (यूनाइटेड) ने मानगो नगर निगम में मेयर पद पर औपचारिक रूप से दावा पेश किया है। जदयू ने भारतीय जनता पार्टी से आग्रह किया है कि एनडीए उम्मीदवार के रूप में मानगो मेयर की सीट जदयू के लिए छोड़ी जाए, ताकि पार्टी इस सीट से अपना प्रत्याशी मैदान में उतार सके।
जदयू नेताओं का कहना है कि पार्टी के पास इस पद के लिए एक से अधिक मजबूत और संगठनात्मक रूप से सक्षम उम्मीदवार मौजूद हैं।
सरयू राय के आवास पर हुई अहम बैठक
रविवार को जनता दल (यूनाइटेड), जमशेदपुर महानगर के प्रमुख नेताओं ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान मानगो नगर निगम की मेयर सीट जदयू को दिए जाने का प्रस्ताव उनके समक्ष रखा गया।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू और युवा जदयू के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह शामिल रहे।
एनडीए के एकजुट उम्मीदवार पर जोर
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि एनडीए की ओर से मेयर पद के लिए एक ही उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे, जो संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक समीकरण, जनसमर्थन और कार्यकर्ता आधार के साथ चुनाव लड़ सके। नेताओं का मानना है कि आपसी तालमेल से ही एनडीए की जीत सुनिश्चित की जा सकती है।
भाजपा नेतृत्व से बातचीत जारी
विधायक सरयू राय ने जदयू नेताओं को जानकारी दी कि इस विषय पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से पहले ही संपर्क हो चुका है और बातचीत जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जदयू कार्यकर्ताओं की भावनाओं और पार्टी की मांग को भाजपा नेतृत्व के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
सरयू राय ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से इस विषय पर फिर से चर्चा की जाएगी, ताकि एनडीए के भीतर सम्मानजनक और संतुलित निर्णय लिया जा सके।
जदयू को न्यायोचित निर्णय की उम्मीद
बैठक में मौजूद जदयू नेताओं ने विश्वास जताया कि एनडीए नेतृत्व जदयू की संगठनात्मक ताकत, सामाजिक सरोकार और जनाधार को ध्यान में रखते हुए मानगो नगर निगम सीट को लेकर न्यायोचित और सम्मानजनक फैसला करेगा।
बन्ना गुप्ता पर साधा निशाना
बैठक में उपस्थित जदयू नेताओं ने कहा कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी को ढाल बनाकर मानगो नगर निगम के मेयर का चुनाव लड़ रहे हैं। वे मेयर पति बनना चाह रहे हैं। मंत्री के रूप में उनके भ्रष्टाचार और भ्रष्ट चेहरे को जनता अच्छी तरह जानती है। मानगो की जनता ऐसे भ्रष्ट आचरण वाले उम्मीदवार को सबक सिखाए, इसके लिए एनडीए की ओर से एकजुट प्रयास हो और एक सशक्त उम्मीदवार चुनाव में खड़ा हो।