हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कनहरी हिल के पीछे स्थित बेलवा नदी में बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के छात्र हिमांशु राज (15) की डूबने से मौत हो गई। उसे बचाने के लिए नदी में कूदा उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु अपने चार दोस्तों के साथ बेलवा नदी के किनारे मोबाइल से रील बना रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। हिमांशु को डूबता देख उसका एक साथी उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह भी पानी में फंस गया।
घटना के समय मौजूद तीन अन्य बच्चे घबरा गए और मौके से भाग निकले। बाद में स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद बचाव अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक हिमांशु की मौत हो चुकी थी।
हिमांशु को बचाने की कोशिश करने वाला छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर नदी, झरने और अन्य खतरनाक स्थानों पर रील बनाने के बढ़ते चलन और उससे जुड़े जोखिमों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें – रांची में JPSC-JSSC मुद्दे पर छात्रों का प्रदर्शन, संविधान यात्रा के बाद अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान