
Khunti : झारखंड के खूंटी जिले में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने आदिवासी समाज के प्रमुख नेता और एदेल संगा पड़हा राजा के अध्यक्ष सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग गांव के पास एक तालाब के निकट हुई, जब सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर खूंटी शहर से अपने गांव चलांगी लौट रहे थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही आदिवासी समाज में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। आदिवासी समन्वय समिति ने इस हत्याकांड को स्पष्ट रूप से सामाजिक और राजनीतिक साजिश करार दिया है। समिति ने हत्या के विरोध में कल 8 जनवरी को पूरे खूंटी में बंद का आह्वान किया है।
प्रत्यक्षदर्शी और सोमा मुंडा की पत्नी के बयान के अनुसार, पीछे से आई एक बाइक पर सवार दो हमलावरों ने ओवरटेक करते हुए उन पर करीब से दो राउंड फायरिंग की। एक गोली सोमा मुंडा के सीने में लगी। गोली लगते ही उन्होंने बाइक रोकी और खूंटी की ओर मदद के लिए जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में वे सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमलावर गोली चलाने के बाद मंदरूटोली की दिशा में फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही सोमा मुंडा की पत्नी वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर पर सवार होकर कुछ दूरी तक गईं और फिर ऑटो लेकर सीधे खूंटी थाने पहुंची। उन्होंने थाने में पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर खूंटी पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल सोमा मुंडा को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पाकुड़ कोर्ट में सुनाई गयी सजा, तो फरार हुए दो दोषी : जमीन विवाद में हत्या का था मुकदमा
खूंटी के डीएसपी वरुण रजक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह बेहद गंभीर मामला है। हम सभी कोणों से जांच कर रहे हैं। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और इलाके में बड़े पैमाने पर छापेमारी चल रही है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। डीएसपी ने आगे कहा कि इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
सोमा मुंडा आदिवासी समाज में काफी प्रभावशाली नेता थे। वे पारंपरिक पड़हा राजवंश से जुड़े थे, झारखंड पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और खूंटी जिला आदिवासी समन्वय समिति के संयोजक भी थे। एक शिक्षाविद् के रूप में भी उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी हत्या की खबर फैलते ही आदिवासी समाज में जबरदस्त आक्रोश फैल गया।आदिवासी समन्वय समिति के नेताओं का कहना है कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस बीच, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने भी घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि खूंटी में माफियागिरी बढ़ रही है और अपराधियों में प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या कोई बड़ा मोटिव हो सकता है, लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच जारी है और जल्द ही खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।