जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित जंगल में हुई इस मुठभेड़ में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग कांड में कथित रूप से शामिल दो शूटरों मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद हथियार बरामद करने के लिए मरीन ड्राइव के जंगल में ले जाया गया था। इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की कमर से पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
दोनों ओर से चली गोलियां
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस टीम ने जवाबी गोलीबारी की। दोनों तरफ से करीब तीन-तीन राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी।
गोली लगने के बाद दोनों आरोपी जमीन पर गिर गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें अपने कब्जे में लिया और तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद किए हैं। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मरीन ड्राइव के जंगल की घेराबंदी कर दी। सिटी एसपी ललित मीणा, डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
26 सितंबर को बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में हुई थी फायरिंग
यह मामला 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, तीन अपराधी बाइक से रेस्टोरेंट पहुंचे थे। इनमें से दो अंदर गए और फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए थे।
पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की थी।
पुलिस ने मामले में एक कथित साजिशकर्ता को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, फायरिंग में शामिल बताए जा रहे तीन शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी जांच के दौरान पुलिस मोहन यादव और अजीत मंडल तक पहुंची।
फरार आरोपी की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जंगल में साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस हथियारों और अन्य संभावित सबूतों की तलाश कर रही है।
अब पुलिस इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचे और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, बिंदल मॉल फायरिंग मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की पूरी साजिश और अपराधियों के नेटवर्क का भी पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें – जमशेदपुर में बिंदल मॉल के पास ताबड़तोड़ 11 राउंड फायरिंग, 4 युवक घायल