Bokaro : बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में रविवार रात जंगली हाथी के हमले से एक सब्जी विक्रेता की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना केंडर क्षेत्र के सिमराबेड़ा महतो टोला के समीप मुख्य सड़क पर हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मृतक की पहचान सिमराबेड़ा गांव निवासी चंद्र दांगी के रूप में की गई है, जो रोज़ की तरह सब्जी बेचने के बाद रात में अपनी कार से केंडर लौट रहा था।

सड़क किनारे मौजूद हाथियों ने कार को घेरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिमराबेड़ा महतो टोला के पास सड़क पर पहले से ही हाथियों का झुंड घूम रहा था। जैसे ही चंद्र दांगी की कार वहां पहुंची, हाथियों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। एक हाथी ने पहले कार पर हमला कर शीशे और बॉडी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके बाद हाथी ने सूंड की मदद से चंद्र दांगी को कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर पटक-पटक कर बेरहमी से कुचल दिया। हमले में चंद्र दांगी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद देर तक सड़क पर मंडराते रहे हाथी
घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और कोई भी मौके के पास जाने का साहस नहीं कर सका। बताया जाता है कि हाथी काफी देर तक सड़क पर ही घूमते रहे, जिससे यातायात भी प्रभावित रहा। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग
घटना की जानकारी मिलते ही गोमिया थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
चंद्र दांगी की मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का आरोप: लंबे समय से बना है हाथियों का आतंक
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लंबे समय से बनी हुई है। कई बार वन विभाग को इसकी सूचना दी गई, लेकिन कोई ठोस और स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की नियमित निगरानी हो और रिहायशी इलाकों व सड़कों पर उनकी आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।