विधानसभा में गूंजा गिरिडीह के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या का मामला

Anand Kumar
4 Min Read
राकेश महतो (फाइल फोटो)

विधायक जयराम महतो ने उठायी उच्चस्तरीय जांच की मांग, मंत्री सुदीव्य बोले- शीघ्र पकड़े जायेंगे अपराधी

Giridih : गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी–फुसरो मुख्य सड़क पर खांखी जंगल के पास शनिवार सुबह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव मिलने से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। शव की स्थिति और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या की पुष्टि की है।

शनिवार को विधानसभा में भी यह मामला गूंजा। । इस सनसनीखेज हत्याकांड को विधायक जयराम महतो ने विधानसभा सत्र के दौरान उठाते हुए सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की। गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या के मामले में अब सरकार की ओर से भी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। मंत्री सुदिव्य कुमार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – रांची और पलामू में एसीबी की दोहरी कार्रवाई, अमीन और रोजगार सेवक रिश्वत लेते गिरफ्तार

मारपीट के बाद साक्ष्य मिटाने की आशंका

स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे अधजली लाश देखी और पुलिस को सूचना दी। निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। बाद में मृतक की पहचान वर्ष 2016 में जिला परिषद अध्यक्ष रह चुके राकेश महतो के रूप में हुई।

राकेश महतो

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि हत्या से पहले उनके साथ मारपीट की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश की गई। एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में निमियाघाट और डुमरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जिले के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज करने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं—व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और आपराधिक कोण—पर समानांतर जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें – 14वीं JPSC परीक्षा में उम्र सीमा विवाद पर हाईकोर्ट का दखल, याचिकाकर्ता अभ्यर्थियों को ऑफलाइन आवेदन की अनुमति

सड़क जाम, वाहनों की लंबी कतार

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने डुमरी–फुसरो मुख्य सड़क को जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन और समझाइश के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

राकेश महतो

राजनीतिक पृष्ठभूमि और असर

राकेश महतो क्षेत्र में एक सक्रिय राजनीतिक चेहरा माने जाते थे और झारखंड की प्रमुख सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े थे। उनकी हत्या ने स्थानीय राजनीति में हलचल तेज कर दी है। पार्टी के जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना ग्रामीण राजनीतिक नेतृत्व की सुरक्षा, स्थानीय आपराधिक नेटवर्क और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि हत्या में राजनीतिक कोण सामने आता है तो इसका असर आगामी स्थानीय समीकरणों पर पड़ सकता है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि होगी। पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *