धनबाद। धनबाद में आवारा कुत्ते के हमले की एक घटना ने उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लिया, जब इलाज के लिए अस्पताल पहुंची एक युवती अपने परिचित युवक के साथ परिजनों की नजर में आ गई। अस्पताल परिसर के बाहर कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई, जिसके बाद युवती अपने पिता के साथ घर चली गई।
जानकारी के अनुसार, केंदुआडीह क्षेत्र की रहने वाली युवती अपने एक परिचित युवक के साथ हीरापुर स्थित बिरसा मुंडा पार्क के पास आठ लेन सड़क पर ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से युवती के पैर में चोट लगी और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने कुत्ते को वहां से भगाया, जिसके बाद युवक उसे इलाज के लिए धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा।
यह भी पढ़ें – झारखंड में माओवाद को बड़ा झटका : 15 लाख के इनामी समेत 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर, भारी हथियार भी किए जमा
अस्पताल में पड़ोसी ने पहचान लिया
अस्पताल की ओपीडी में पंजीकरण कराने के दौरान संयोगवश युवती का एक पड़ोसी वहां पहुंच गया। उसने युवती को युवक के साथ देखा और बाद में इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी। सूचना मिलने के कुछ ही समय बाद युवती के पिता अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल के बाहर हुई नोकझोंक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के बाद जैसे ही युवती और उसका परिचित युवक अस्पताल के मुख्य गेट से बाहर निकले, वहां मौजूद पिता ने दोनों से बातचीत शुरू की। इस दौरान कुछ देर तक कहासुनी हुई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए युवक वहां से चला गया, जबकि युवती अपने पिता के साथ घर लौट गई।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
यह पूरा घटनाक्रम इलाके में चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि, इस मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की सूचना नहीं है। युवती और युवक के संबंधों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें – आदित्यपुर में ड्रग्स सिंडिकेट पर अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, छापेमारी में भारी नकदी बरामद, एक हिरासत में