चतरा : शुक्रवार को पिकनिक मनाने निकले तीन दोस्तों के लिए कड़गु पटेर (तड़गू) नदी काल बन गई। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव के समीप नदी में नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरा अब भी लापता है।
मृतकों की पहचान अंश प्रकाश (15) और प्रिंस कुमार (14) के रूप में हुई है। वहीं, तीसरे बच्चे की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। उसके भी नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, तीनों दोस्त शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए घर से निकले थे। घूरनाडीह गांव के समीप पहुंचने के बाद वे कड़गु पटेर नदी में नहाने लगे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।
दो शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी
हादसे के बाद अंश प्रकाश और प्रिंस कुमार के शव बरामद कर लिए गए। वहीं, तीसरे बच्चे का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस और ग्रामीण नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं।
घटना की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है
यह भी पढ़ें – नेपाल में भीषण तबाही के बीच एक घर ने खींचा सबका ध्यान, सोनू सूद ने बढ़ाया मदद का हाथ