पैसे के विवाद में दोस्त बना दुश्मन: आरआईटी मोड़ पर धारदार हथियार से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

Anand Kumar
3 Min Read

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित आरआईटी मोड़ पर सोमवार सुबह महज 15 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कभी गहरे दोस्त रहे दो युवकों के बीच पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने ही दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले गंगोत्री अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर किया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दोस्ती से दुश्मनी तक पहुंचा विवाद

घायल युवक की पहचान विशु महतो और आरोपी की पहचान राहुल हेंब्रम के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से राजनगर के रहने वाले हैं और वर्तमान में मिरूडीह में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, राहुल लगातार अपने रुपये वापस मांग रहा था। रुपये नहीं मिलने पर उसने विशु से बाइक या मोबाइल देने की बात कही थी। रविवार शाम विशु ने अपना मोबाइल राहुल को दे दिया था।

यह भी पढ़ें – सुबह हुए विवाद के बाद दोपहर में युवक को घर से बुलाकर धारदार हथियार से काटा और गोली मार दी

रुपये लेने बुलाया, फिर हुआ खूनी हमला

सोमवार सुबह विशु ने राहुल को रुपये देने के लिए आरआईटी मोड़ बुलाया। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि राहुल ने धारदार हथियार निकालकर विशु पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल विशु को तत्काल गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने के कारण पुलिस फुटेज के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

यह भी पढ़ें – खूंटी में एक ही रात दो दुकानों पर धावा: ज्वेलरी शॉप से 15 लाख के गहने, वाइन शॉप से नकदी और शराब चोरी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *