गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा स्थित सुंडीटोला में देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर बुजुर्ग ससुर और उनकी बहू की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान करीब 65 वर्षीय सुकर मंडल और उनकी 30 वर्षीय बहू शीला मंडल के रूप में हुई है। घटना को देर रात करीब तीन बजे अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।

सुबह जब परिजनों और आसपास के लोगों को वारदात की जानकारी मिली, तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
घर में घुसकर टांगी से किया ताबड़तोड़ वार
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब तीन बजे अज्ञात अपराधियों ने सुंडीटोला स्थित घर में घुसकर इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। अपराधियों ने सुकर मंडल और उनकी बहू शीला मंडल पर धारदार हथियार टांगी से कई वार किए। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि, अपराधियों की संख्या कितनी थी और वे किस रास्ते से घर में दाखिल हुए, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। सुबह घटना का पता चलने पर परिजनों ने आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद पचंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए गए। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और आरोपियों की पहचान भी सामने नहीं आई है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात को किस उद्देश्य से अंजाम दिया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।
सूरत में मजदूरी करता है शीला का पति, दो छोटे बच्चे हुए बेसहारा
बताया जाता है कि मृतका शीला मंडल के पति जितेंद्र मंडल सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं। शीला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की हत्या के बाद दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। वहीं, परिवार के बुजुर्ग सुकर मंडल की भी हत्या होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से सुंडीटोला और आसपास के इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच इस वारदात को लेकर कई सवाल हैं। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह क्या थी और इसमें शामिल अपराधियों तक पुलिस कब पहुंचती है।
यह भी पढ़ें – लातेहार के चंदवा में बाइक पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत; एक गंभीर