रामगढ़ में पुलिस-गैंग मुठभेड़: राहुल दुबे गिरोह का सदस्य सनी सिंह घायल, दो पिस्तौल बरामद

Anand Kumar
3 Min Read

Ramgarh : जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की बड़ी घटना सामने आई है। कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य सनी सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर चला ऑपरेशन

रामगढ़ एसपी अजय कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह का सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भुरकुंडा और पतरातू इलाके में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें – बोकारो : पुलिस और भाटिया गैंग के बीच मुठभेड़, कुख्यात प्रिंस गुप्ता को लगी गोली, 7 गिरफ्तार

मंदिर के पास घेराबंदी, आरोपी ने की फायरिंग

छापेमारी के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि भुरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस वाहन को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।

गोली पतरातू थाना प्रभारी के वाहन के शीशे और बंपर में लगी, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में उसने अपनी पहचान सनी सिंह, निवासी रेलीगढ़ा के रूप में बताई। पुलिस ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे तत्काल सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा में भर्ती कराया।

हथियार और सामान बरामद, गिरोह के अन्य सदस्य फरार

मौके से पुलिस ने दो पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें – Saranda Encounter: सारंडा के जंगलों में नक्सलियों से भीषण मुठभेड़, IED ब्लास्ट में सहायक कमांडेंट घायल, रांची एयरलिफ्ट

अपराध नियंत्रण पर पुलिस का फोकस

इस कार्रवाई को रामगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। हाल के दिनों में गिरोह से जुड़े अपराधों को देखते हुए पुलिस पहले से सतर्क थी और इसी के तहत एसआईटी का गठन किया गया था।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *