आदित्यपुर में ड्रग्स सिंडिकेट पर अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, छापेमारी में भारी नकदी बरामद, एक हिरासत में

Anand Kumar
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां। आदित्यपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से ड्रग्स कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। बरामद राशि की गिनती जारी है और प्रारंभिक आशंका है कि यह रकम नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है। पुलिस फिलहाल आधिकारिक रूप से बरामद राशि का खुलासा नहीं कर रही है।

‘लालटू’ तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कथित सरगना ‘लालटू’ तक पहुंचना है। उसकी तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से पूरे ड्रग्स सिंडिकेट के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

एक युवक हिरासत में, पूछताछ जारी

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ से ड्रग्स सप्लाई चेन, फाइनेंसरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। कई अन्य संदिग्ध भी पुलिस की निगरानी में बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें – बिहार सरकार ने छात्र आंदोलन पर लिया यू-टर्न, सभी FIR होंगी वापस

पूरे इलाके में घेराबंदी, बढ़ाई गई निगरानी

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने पार्कों, चौक-चौराहों, सुनसान स्थानों तथा देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास विशेष बाइक पेट्रोलिंग की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों और लफंगों की भी जांच की गई। पुलिस की सख्ती से पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

एसपी बोले- ड्रग्स नेटवर्क को जड़ से खत्म करेंगे

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि बरामद नकदी और कार्रवाई का विस्तृत विवरण नोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रेस वार्ता में साझा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस केवल छोटे तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान चलाएगी।

यह भी पढ़ें – JPSC-JSSC विवाद पर आंदोलन तेज : 29-30 जुलाई को सड़क पर उतरेंगे छात्र, 6 अगस्त को विधानसभा घेराव, CID जांच में रोज हो रहे बड़े खुलासे

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *