दुमका। दुमका-देवघर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जामा थाना क्षेत्र के सुगनीबाद पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कृष्ण रजत बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और खेत में जा घुसी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति से दुमका की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क छोड़ते हुए खेत में उतर गई। बस के खेत में घुसते ही यात्रियों में दहशत फैल गई।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई और न ही किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से होने वाले सड़क हादसों पर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण कराने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें – रांची-लातेहार रोड पर मिनी ट्रक और बाइक की टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत