हजारीबाग: जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह से जुड़े बताए जा रहे आरोपी अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंशु दुबे के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। घटना कर्मा टिल्हा के आसपास जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, उरीमारी थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की एक घटना के सिलसिले में पुलिस ने अंशु दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार कर्मा टिल्हा के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया है।
हथियार बरामद करने जंगल पहुंची थी पुलिस
बताया गया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे साथ लेकर हथियार बरामद करने के लिए जंगल पहुंची। इसी दौरान अंशु दुबे ने कथित तौर पर जमीन में छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई।
हथियार और पर्चा बरामद, पुलिसकर्मी सुरक्षित
इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके से हथियार के साथ एक पर्चा भी बरामद किया है, जिसे आरोपी ने जंगल में रखा था। गोली लगने के बाद अंशु दुबे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ उरीमारी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना और पुलिस टीम पर कथित गोलीबारी को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक विस्तृत बयान मिलने पर अन्य जानकारी सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें – झारखंड के दो गैंगस्टरों पर इंटरपोल का शिकंजा, राहुल सिंह और राहुल दुबे के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस